जयशंकर ने दिल्ली में आग लगने की घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया
जयशंकर ने दिल्ली में आग लगने की घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया
नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में विदेशी नागरिकों समेत कई लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि विदेश मंत्रालय दूतावासों के संपर्क में है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।
मालवीय नगर इलाके में एक होटल में बुधवार को भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। इनमें वे 11 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनके रिश्तेदारों का पास के अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
मालवीय नगर के हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ में सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी और देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई, जिससे लोग स्तब्ध रह गए। कई स्थानीय लोगों सहित बचावकर्मी पांच मंजिला संकरी इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंचे।
जयशंकर ने पोस्ट में कहा, ‘‘मालवीय नगर में हुई आग लगने की घटना में विदेशी नागरिकों समेत जानमाल के नुकसान पर मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘विदेश मंत्रालय दूतावासों के संपर्क में है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।’’
बांग्लादेश उच्चायोग ने भी इस हादसे से प्रभावित शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि अब तक पांच बांग्लादेशी नागरिकों की घायलों के रूप में पहचान की गई है।
इससे पहले, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना बेहद दुखद है। इस घटना में अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस अपार क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


