जयशंकर ने लाओ पीडीआर के उप प्रधानमंत्री फोमविहाने के साथ वार्ता की
जयशंकर ने लाओ पीडीआर के उप प्रधानमंत्री फोमविहाने के साथ वार्ता की
नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दक्षिणपूर्व एशियाई देश लाओ पीडीआर के उप प्रधानमंत्री थोंगसावन फोमविहाने के साथ अपनी वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच ‘‘घनिष्ठ सभ्यतागत संबंधों’’ पर बुधवार को जोर दिया।
भारत-लाओ पीडीआर संयुक्त आयोग की 10वीं बैठक में अपने उद्घाटन भाषण में मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि आज हमारी चर्चाएं बहुत ही सार्थक होंगी।’’
फोमविहाने की भारत की पहली यात्रा तब हो रही है जब लाओ पीडीआर और भारत राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।
जयशंकर ने कहा, ‘‘हमारे दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सभ्यतागत संबंध हैं, जो बौद्ध धर्म और रामायण की साझा विरासत में परिलक्षित होते हैं। हमारे संबंध ऐतिहासिक रूप से गहरे सांस्कृतिक जुड़ावों पर आधारित हैं।’’
विदेश मंत्री ने लाओ पीडीआर के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री फोमविहाने को बताया कि उन्हें 2024 में आसियान की लाओ पीडीआर की अध्यक्षता के दौरान उनके ‘‘सुंदर देश’’ की अपनी यात्रा की सुखद यादें हैं।
जयशंकर ने कहा, ‘‘मुझे अपनी यात्रा के दौरान (लाओ पीडीआर) के प्रधानमंत्री से मिलने का भी अवसर मिला था।’’
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अक्टूबर 2024 में लाओ पीडीआर की यात्रा का भी जिक्र किया।
जयशंकर ने कहा, ‘‘उस अवसर पर कई समझौतों और समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए थे, और आज हमारे पास व्यापक एजेंडा तलाशने, अपने राजनीतिक सहयोग, आर्थिक संबंधों, रक्षा, विकास साझेदारी, शिक्षा, संस्कृति और निश्चित रूप से, हमारे बहुपक्षीय सहयोग की समीक्षा करने का मौका है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दशकों से, कई क्षेत्रों में हमारा द्विपक्षीय सहयोग और मजबूत हुआ है।’’
भाषा देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


