जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री के समक्ष भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाया
जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री के समक्ष भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाया
नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ बातचीत में ओमान की खाड़ी में एक वाणिज्यिक जहाज पर अमेरिकी सैन्य हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाया।
यूरोप यात्रा पर गए जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री से फोन पर बात की।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘आज अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात हुई। मैंने ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नौसेना के हमलों के खिलाफ भारत का कड़ा विरोध दोहराया हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वाणिज्यिक जहाजों पर इस तरह की घातक कार्रवाई उचित नहीं है।’’
भारत ने शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया था और उन्हें बताया था कि ओमान तट के निकट भारतीय चालक दल वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना के घातक हमले अस्वीकार्य हैं।
आठ जून को अमेरिकी बलों ने पलाऊ के ध्वज वाले तेल टैंकर ‘मैरीवेक्स’ पर हमला किया था। इस जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
इसके बाद 10 जून को अमेरिका ने पलाऊ के ही ध्वज वाले एक अन्य टैंकर ‘सेटेबेलो’ पर हमला किया, जिस पर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई।
इसके अलावा, गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले टैंकर ‘जलवीर’ पर भी बृहस्पतिवार को हमला हुआ था। इस जहाज पर 20 भारतीय नागरिक सवार थे।
भाषा गोला शोभना
शोभना

Facebook


