जम्मू कश्मीर: डीआईजी ने एलओसी से लगे सीमावर्ती क्षेत्र का दौरा करके सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया

जम्मू कश्मीर: डीआईजी ने एलओसी से लगे सीमावर्ती क्षेत्र का दौरा करके सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया

जम्मू कश्मीर: डीआईजी ने एलओसी से लगे सीमावर्ती क्षेत्र का दौरा करके सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया
Modified Date: May 21, 2026 / 03:02 pm IST
Published Date: May 21, 2026 3:02 pm IST

जम्मू, 21 मई (भाषा) राजौरी-पूंछ रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक संदीप वजीर ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से लगे अग्रिम इलाकों का बृहस्पतिवार को दौरा किया और सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति और अभियानगत तैयारियों का जायजा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि डीआईजी ने सलोत्री सेक्टर के अग्रिम इलाकों में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बातचीत की और सीमा पर शांति और सतर्कता बनाए रखने के उद्देश्य से मौजूद सुरक्षा व्यवस्था, तैनाती के तरीकों और समन्वय तंत्र की समीक्षा की।

इस यात्रा के दौरान वजीर ने उच्च सतर्कता बनाए रखने, सुरक्षा एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय आदि की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस दौरे का उद्देश्य नियंत्रण रेखा के निकट स्थित अग्रिम गांवों में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की तैयारियों का जायजा लेना था।

डीआईजी ने मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा के लिए एक सम्मेलन की अध्यक्षता भी की और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न परिचालन, जांच और प्रशासनिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

अधिकारियों को संबोधित करते हुए वजीर ने उनसे उभरती हुई सुरक्षा चुनौतियों, साइबर संबंधी अपराधों और अन्य आपराधिक गतिविधियों से निपटने के लिए सतर्क और सक्रिय रहने को कहा।

उन्होंने जिले में समग्र सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न पुलिस इकाइयों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

भाषा शोभना संतोष

संतोष


लेखक के बारे में