जम्मू-कश्मीर: मोबाइल फोन पर आया ‘आपातकालीन चेतावनी संदेश’, सरकार ने किया परीक्षण

जम्मू-कश्मीर: मोबाइल फोन पर आया ‘आपातकालीन चेतावनी संदेश’, सरकार ने किया परीक्षण

जम्मू-कश्मीर: मोबाइल फोन पर आया ‘आपातकालीन चेतावनी संदेश’, सरकार ने किया परीक्षण
Modified Date: May 2, 2026 / 07:26 pm IST
Published Date: May 2, 2026 7:26 pm IST

श्रीनगर, दो मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर में शनिवार को मोबाइल उपयोगकर्ताओं के फोन पर एक तेज़ ‘बीप’ के साथ आपातकालीन चेतावनी आई। अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार ने अपनी देशव्यापी आपातकालीन चेतावनी प्रणाली के परीक्षण के तहत यह संदेश भेजा था।

केंद्र शासित प्रदेश के मोबाइल उपयोगकर्ता शनिवार को उस समय हैरान रह गए जब उनके फोन अचानक तेज आवाज़ के साथ बजने लगे और स्क्रीन पर एक संदेश दिखाई दिया।

अधिकारियों के अनुसार, पूर्वाह्न 11.42 बजे भेजा गया यह अलर्ट ‘आपातकालीन चेतावनी प्रणाली’ के परीक्षण का हिस्सा था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह परीक्षण इसलिए किया जा रहा है ताकि आपदा के समय लोगों को समय पर सटीक जानकारी मिल सके।’’

सरकार ने स्पष्ट किया कि यह संदेश बार-बार आ सकता है और लोगों को इसके मिलने पर कुछ भी करने की आवश्यकता नहीं है।

मोबाइल फोन के स्क्रीन पर आए संदेश में लिखा था, ‘‘भारत ने अपने नागरिकों के लिए तत्काल आपदा चेतावनी सेवा हेतु स्वदेशी प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए ‘सेल ब्रॉडकास्ट’ की शुरुआत की है। सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र। इस संदेश की प्राप्ति पर जनता को किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है। यह एक परीक्षण संदेश है। – भारत सरकार।’’

श्रीनगर के मोबाइल उपयोगकर्ता मेहराज अहमद ने बताया कि जब उनके फोन से तेज़ बीप की आवाज़ आई तो वह चौंक गए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैसेज आने पर मैं हैरान था क्योंकि मुझे इसके बारे में पता नहीं था। फोन की तेज़ आवाज़ सुनकर मैं सहम गया, लेकिन मैसेज पढ़ने के बाद पूरी बात समझ आई।’’

उन्होंने इसे आपात स्थिति में लोगों को सतर्क करने के लिए एक अच्छा कदम बताया।

सरकार ने पहले ही सूचित कर दिया था कि देश भर में मोबाइल आधारित आपदा चेतावनी प्रणालियों का परीक्षण किया जाएगा। इसने नागरिकों से इन परीक्षण संदेशों पर ध्यान न देने का आग्रह किया गया था।

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में