जम्मू-कश्मीर: राहत आयुक्त पर टिप्पणी को लेकर कश्मीरी पंडित नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग

जम्मू-कश्मीर: राहत आयुक्त पर टिप्पणी को लेकर कश्मीरी पंडित नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग

जम्मू-कश्मीर: राहत आयुक्त पर टिप्पणी को लेकर कश्मीरी पंडित नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग
Modified Date: May 7, 2026 / 04:25 pm IST
Published Date: May 7, 2026 4:25 pm IST

जम्मू, सात मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने पुलिस को पत्र लिखकर कश्मीरी पंडित समुदाय के उस नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है जिसने एक फेसबुक पोस्ट में राहत आयुक्त पर अवैध आवंटन और रिश्वत लेने के आरोप लगाए हैं।

जम्मू स्थित राहत एवं पुनर्वास आयुक्त (प्रवासी) कार्यालय ने शहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि कश्मीरी पंडित समुदाय के नेता सुनील भट लोगों को सरकार की ओर से अधिसूचित विशेष राहत राशन योजना के खिलाफ भड़का रहे हैं और उन्हें हिंसा का सहारा लेने तथा अव्यवस्था पैदा करने के लिए उकसा रहे हैं।

पत्र में कहा गया है कि भट ने ‘वैली एक्सप्रेस न्यूज’ की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए राहत आयुक्त पर अवैध आवंटन और रिश्वत लेने के आरोप लगाए।

इसमें कहा गया है, “इस कार्यालय के संज्ञान में आया है कि सुनील भट नामक एक व्यक्ति ने फेसबुक पर ‘वैली एक्सप्रेस न्यूज’ के वीडियो पोस्ट पर अपमानजनक टिप्पणी की है कि राहत आयुक्त ने दुकानों का अवैध आवंटन किया और इसके बदले रिश्वत ली।”

पत्र में कहा गया है, “भट की टिप्पणियों ने राहत एवं पुनर्वास आयुक्त की छवि को धूमिल किया है।”

इसमें आरोप लगाया गया है कि भट अपनी सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य स्रोतों के जरिये विशेष राहत राशन योजना के खिलाफ लोगों को भड़का रहे हैं और उन्हें हिंसा का सहारा लेने तथा अव्यवस्था पैदा करने के लिए उकसा रहे हैं।

सहायक आयुक्त (राहत) कैलाश देवी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है, “इसलिए मुझे निर्देश दिया गया है कि सुनील भट के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करायी जाए।”

भाषा पारुल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में