जम्मू कश्मीर: कठुआ के एसएसपी का स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले निगरानी और गश्त बढ़ाने के निर्देश

Ads

जम्मू कश्मीर: कठुआ के एसएसपी का स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले निगरानी और गश्त बढ़ाने के निर्देश

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 03:10 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 03:10 PM IST

जम्मू, पांच अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह और जारी वार्षिक अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी, वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने गश्त बढ़ाने, औचक जांच और त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की रणनीतिक तैनाती के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, शर्मा ने सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि यह बैठक राष्ट्रीय पर्व और तीर्थयात्रा के सुरक्षित व शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर केंद्रित थी।

उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को गश्त तेज करने, औचक नाका जांच करने और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति या खतरे से तत्काल निपटने के लिए क्यूआरटी की रणनीतिक तैनाती करने को कहा।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, राष्ट्रीय राजमार्ग और स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ होटलों की जांच और किराएदारों व बाहरी मजदूरों के सत्यापन की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक में सीमा सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय पर भी चर्चा हुई।

भाषा शुभम शोभना

शोभना