जम्मू-कश्मीर राज्य दर्जा: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों को बुलाएगी नेकां

जम्मू-कश्मीर राज्य दर्जा: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों को बुलाएगी नेकां

जम्मू-कश्मीर राज्य दर्जा: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों को बुलाएगी नेकां
Modified Date: July 2, 2026 / 12:11 am IST
Published Date: July 2, 2026 12:11 am IST

श्रीनगर, एक जुलाई (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने बुधवार को कहा कि वह जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले अपने प्रदर्शन में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक दलों और अन्य राजनीतिक पार्टियों को औपचारिक रूप से आमंत्रित करेगी।

संसद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रदर्शन करने का फैसला पिछले महीने नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों और उमर अब्दुल्ला सरकार का समर्थन कर रहे निर्दलीय विधायकों की बैठक के बाद लिया गया था।

नेकां के एक प्रवक्ता ने कहा, “पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारियों की समीक्षा और उन्हें अंतिम रूप देने के लिए नेकां अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला से उनके गुपकार स्थित आवास पर मुलाकात की।”

उन्होंने कहा, “बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर की अन्य राजनीतिक पार्टियों को भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया जाएगा।”

उन्होंने कहा, “यह भी तय किया गया कि उन दलों के नेताओं को भी निमंत्रण भेजा जाएगा जो इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ भी नहीं हैं।”

प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की सभी राजनीतिक पार्टियों को औपचारिक निमंत्रण पत्र भेजे जाएंगे और पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला स्वयं उनके नेताओं को पत्र लिखेंगे।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया था कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने की संभावना है और इसके तीन सप्ताह तक चलने की उम्मीद है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में