वीजा, नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी मामले में जम्मू अपराध शाखा ने दर्ज की प्राथमिकी

Ads

वीजा, नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी मामले में जम्मू अपराध शाखा ने दर्ज की प्राथमिकी

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 03:37 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 03:37 PM IST

जम्मू, आठ अगस्त (भाषा) जम्मू अपराध शाखा की विशेष इकाई ने विदेश का वीजा दिलाने और रोजगार मुहैया कराने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में शनिवार को कई आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह मामला डोडा जिले के कई निवासियों की ओर से संयुक्त रूप से दी गई लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायत में विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है।

विशेष अपराध शाखा (एससीडब्ल्यू) के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिलाल अहमद ने उन्हें दुबई में वीजा और रोजगार दिलाने का झांसा दिया। किश्तवाड़ जिले के डाचन इलाके का निवासी अहमद वर्तमान में दुबई में रह रहा है।

उन्होंने बताया कि आश्वासन के आधार पर शिकायतकर्ताओं ने आरोपी के निर्देश पर अलग-अलग लोगों के बैंक खातों में बड़ी रकम जमा कर दी।

प्रवक्ता ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि यह धनराशि यासिर अरफात, आशिक हुसैन और मोइन खान के बैंक खातों के माध्यम से भेजी गई, जो कथित तौर पर मुख्य आरोपी के साथ मिलकर काम कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मिले साक्ष्य से संकेत मिलता है कि विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं को ठगने के लिए कई लोगों ने मिलकर एक सुनियोजित आपराधिक साजिश रची।

प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान धन के लेन-देन, प्रत्येक आरोपी की भूमिका का पता लगाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

भाषा आशीष देवेंद्र

देवेंद्र