हवाई अड्डे पर दंपति के पास से 32.37 लाख रु के आभूषण जब्त

Ads

हवाई अड्डे पर दंपति के पास से 32.37 लाख रु के आभूषण जब्त

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 07:23 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 07:23 PM IST

अहमदाबाद, 16 अगस्त (भाषा) शारजाह से अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे केरल के एक दंपति से लगभग 32,37,000 रुपये मूल्य के सोने के गहने और अन्य अघोषित सामान ज़ब्त किया गया। सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यात्री के संबंध में मिली जानकारी के आधार पर अहमदाबाद में सीमा शुल्क विभाग की ‘एयर इंटेलिजेंस यूनिट’ (एआईयू) के अधिकारियों ने ‘एयर अरेबिया’ की उड़ान (उड़ान संख्या जी9-418) से शारजाह से आए इस जोड़े को रोका।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि महिला के पास से 219.43 ग्राम वजन के सोने के गहने जब्त किए गए जिनकी कीमत 28,87,473 रुपये है। इन गहनों में ब्रेसलेट, चूड़ी, हार, चेन, पायल और झुमके शामिल हैं जिन्हें उसने अपने पर्स और कपड़ों के नीचे छिपा रखा था।

अधिकारियों को पता चला कि पुरुष अपने सामान के साथ अघोषित सौंदर्य प्रसाधन (जैसे फेस ब्लीच क्रीम और सर्दी-जुकाम में राहत देने वाला तेल), रेडीमेड कपड़े, दो लैपटॉप और एक मोबाइल फोन ले जा रहा था, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये थी।

एक अधिकारी ने बताया कि चूंकि अघोषित सामान की मात्रा वाणिज्यिक स्तर की थी और उसे बिना किसी लाइसेंस के लाया गया था, इसलिए सीमा शुल्क कानून के प्रावधानों के तहत उन्हें जब्त कर लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है।

भाषा संतोष नरेश

नरेश