झारखंड: रांची में 16 माओवादी करेंगे आत्मसमर्पण
झारखंड: रांची में 16 माओवादी करेंगे आत्मसमर्पण
रांची, 27 जुलाई (भाषा) झारखंड में 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली संतोष उर्फ वासुदेव दा उर्फ दिलीप समेत 16 माओवादी मंगलवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले 16 माओवादियों में से छह पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें एक क्षेत्रीय समिति का सदस्य, एक जोनल कमेटी का सदस्य, दो सब-जोनल कमेटी के सदस्य और दो एरिया कमेटी के सदस्य शामिल हैं। इस समूह में कई महिला माओवादी भी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा-माओवादी) की क्षेत्रीय समिति के सदस्य संतोष का आत्मसमर्पण एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। वह विभिन्न जिलों के थानों में दर्ज 128 मामलों में वांछित था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
इस अवसर पर भाकपा (माओवादी) की जोनल कमेटी का सदस्य चंदन लोहरा भी आत्मसमर्पण करेगा, जो 78 मामलों में वांछित था और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम था।
आत्मसमर्पण के दौरान माओवादी अपने हथियार भी पुलिस को सौंपेंगे, जिनमें छह इंसास रायफल, दो एके-47, एक एचके-33, एक यूएस कार्बाइन और एक एम-16 रायफल के साथ-साथ 38 मैगजीन और 1,562 कारतूस शामिल हैं।
हथियार डालने वाले अन्य प्रमुख माओवादियों में सब-जोनल कमेटी के सदस्य अनिल तुरी उर्फ उज्ज्वल और सुखलाल बिरजिया उर्फ अकेला (दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम), एरिया कमेटी के सदस्य सुदेश होनहागा उर्फ सोनाराम होनहागा और रिसिव (दोनों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम), तथा जोनल कमेटी का सदस्य संतोष मांझी उर्फ जगबंधु शामिल हैं।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


