झारखंड विधानसभा छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर भाजपा के हंगामे के बीच दोपहर तक के लिए स्थगित
झारखंड विधानसभा छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर भाजपा के हंगामे के बीच दोपहर तक के लिए स्थगित
रांची, 11 अगस्त (भाषा) झारखंड विधानसभा की कार्यवाही भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों के हंगामे के कारण मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विपक्षी विधायक झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आसन के निकट आ गए, जिसके कारण विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो को कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
पूर्वाह्न करीब 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने छात्रों के विरोध का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि अभ्यर्थियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों ने हिंसा की।
इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा सदस्य आसन के निकट आ गए और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
विधानसभा अध्यक्ष के बार-बार अनुरोध के बावजूद भाजपा विधायक अपनी सीट पर नहीं लौटे। सदन की कार्यवाही संचालित न हो पाने के कारण अध्यक्ष ने इसे दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
हजारों अभ्यर्थियों और छात्रों ने सोमवार को विधानसभा की ओर मार्च निकाला, कई अवरोधक को पार कर लिया और पुलिसकर्मियों के साथ उनकी झड़प भी हुई।
प्रदर्शनकारियों के विधानसभा की ओर बढ़ने पर पुलिस ने जगन्नाथपुर मंदिर के पास पानी की बौछारें कीं और आंसू गैस के गोले दागे।
कई प्रदर्शनकारियों ने घायल होने का दावा किया है, जबकि रांची पुलिस ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान 14 पुलिसकर्मी घायल हुए।
छात्र और अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के कामकाज में सुधार, कई परीक्षाओं को रद्द करने तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या झारखंड से बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के एक पैनल द्वारा स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर 25 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं।
युवाओं का विरोध प्रदर्शन 18वें दिन भी जारी है।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


