झारखंड: विस अध्यक्ष ने मानसून सत्र के सुचारू संचालन में सभी विधायकों से सहयोग की अपील की

झारखंड: विस अध्यक्ष ने मानसून सत्र के सुचारू संचालन में सभी विधायकों से सहयोग की अपील की

झारखंड: विस अध्यक्ष ने मानसून सत्र के सुचारू संचालन में सभी विधायकों से सहयोग की अपील की
Modified Date: August 5, 2026 / 06:08 pm IST
Published Date: August 5, 2026 6:08 pm IST

रांची, पांच अगस्त (भाषा) झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने बुधवार को आयोजित सर्वदलीय बैठक में सभी विधायकों से मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की।

झारखंड विधानसभा का सत्र छह से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा।

वित्त वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट सात अगस्त को विधानसभा में पेश किया जाएगा।

महतो ने कहा कि बैठक में अगामी मानसून सत्र के दौरान लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मानदंडों के अनुरूप सदन की कार्यवाही संचालित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

उन्होंने इसके लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग देने की अपील की।

महतो ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बैठक के दौरान कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। कुछ दल, कुछ मुद्दों पर चर्चा कराना चाहते हैं। कल होने वाली कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में इन मुद्दों को लेकर अंतिम चर्चा होगी।’’

इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और राजद (राष्ट्रीय जनता दल) विधायक सुरेश पासवान समेत अन्य नेता शामिल हुए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने बैठक में राज्यभर में सूखे जैसे हालात, कानून-व्यवस्था और विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य की लोक सेवा आयोग (पीएससी) और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया और सरकार से इस पर तत्काल संज्ञान लेने का आग्रह किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने मानसून सत्र की तैयारियों की समीक्षा के लिए तीन अगस्त को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में