झारखंड: भाजपा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ‘कोषागार घोटाले’ की सीबीआई जांच कराने का आग्रह किया

झारखंड: भाजपा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ‘कोषागार घोटाले’ की सीबीआई जांच कराने का आग्रह किया

झारखंड: भाजपा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ‘कोषागार घोटाले’ की सीबीआई जांच कराने का आग्रह किया
Modified Date: May 11, 2026 / 06:15 pm IST
Published Date: May 11, 2026 6:15 pm IST

रांची, 11 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विभिन्न जिलों से सामने आए कथित कोषागार घोटाले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की सिफारिश करने का सोमवार को आग्रह किया।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में साहू ने यह भी मांग की कि सरकार जिला कोषागारों से कथित तौर पर अवैध निकासी की राशि का ब्यौरा देते हुए श्वेत पत्र जारी किया जाए।

साहू ने कहा, ‘‘यह एक बड़ा घोटाला प्रतीत होता है, जो व्यवस्था और सत्ता के बीच सांठगांठ के माध्यम से बहुत ही सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। इसलिए, इस कोषागार घोटाले की सीबीआई जांच की सिफारिश करने का आग्रह किया जाता है, ताकि जनता की मेहनत की कमाई लूटने वाले भ्रष्ट व्यक्तियों के नाम उजागर हो सकें और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।’’

साहू ने कहा कि कथित घोटाले के सामने आने के बाद से लगभग एक महीना बीत चुका है और दावा किया कि इसमें शामिल राशि 1.5 करोड़ रुपये से लेकर 1,000 करोड़ रुपये तक हो सकती है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इस स्थिति में, राज्य सरकार को एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए जिसमें यह बताया जाए कि अब तक कितनी अवैध निकासी की सूचना मिली है और किन जिलों में हुई है।’’

साहू ने आरोप लगाया कि कथित घोटाले पर सरकार की कार्रवाई ‘‘अस्पष्ट और संदेहास्पद’’ बनी हुई है।

हजारीबाग पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के कोषागार घोटाले में पुलिस ने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें कथित गबन की राशि 28 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

झारखंड आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ​​ने 30 अप्रैल को बोकारो कोषागार घोटाले के संबंध में 10 करोड़ रुपये के धन के लेन-देन का पता लगाया।

छब्बीस अप्रैल को पश्चिम सिंहभूम जिला कोषागार से 27 लाख रुपये के गबन में कथित संलिप्तता के आरोप में एक कांस्टेबल के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई।

निकासी की खबरों के मद्देनजर, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सभी जिला कोषागारों की व्यापक लेखापरीक्षा का आदेश दिया।

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में