झारखंड: राम नवमी के अवसर पर संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी, क्यूआरटी तैनात

झारखंड: राम नवमी के अवसर पर संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी, क्यूआरटी तैनात

झारखंड: राम नवमी के अवसर पर संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी, क्यूआरटी तैनात
Modified Date: March 26, 2026 / 01:41 pm IST
Published Date: March 26, 2026 1:41 pm IST

रांची, 26 मार्च (भाषा) झारखंड में राम नवमी के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए ड्रोन और त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए हैं और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अधिकांश जिलों में शोभा यात्रा शुक्रवार को निकाली जाएंगी, जबकि संवेदनशील क्षेत्र हजारीबाग और जमशेदपुर में ये शोभा यात्रा शनिवार को निकाली जाएंगी।

झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने बुधवार रात रांची शहर में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

डीजीपी ने वरिष्ठ अधिकारियों को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने शोभा यात्रा के मार्गों की गहन निगरानी और भौतिक सत्यापन के साथ-साथ सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल मंचों पर कड़ी नजर रखने का भी आह्वान किया ताकी कोई किसी तरह की अफवाह नहीं फैला पाए।

पुलिस ने बताया कि रणनीतिक स्थानों पर, विशेष रूप से शोभा यात्रा के मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दंगा रोधी वाहन, त्वरित प्रतिक्रिया दल, वाटर कैनन और एम्बुलेंस तैनात की गई हैं।

त्योहार के दौरान शांति और सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जिलों में ‘फ्लैग मार्च’ किया जा रहा है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल में अधिकारियों को निर्देश दिया था कि आगामी त्योहारों जिनमें राम नवमी भी शामिल है, के दौरान कानून और व्यवस्था को बाधित करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

सोरेन ने सभी जिलों के पुलिस उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को राज्य भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिया है।

भाषा तान्या शोभना

शोभना


लेखक के बारे में