झारखंड सीआईडी ने ‘भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं’ के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया

Ads

झारखंड सीआईडी ने ‘भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं’ के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 09:54 AM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 09:54 AM IST

रांची, 31 अगस्त (भाषा) झारखंड पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने एक भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इस गिरफ्तारी के साथ ही झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा 2024 में आयोजित झारखंड स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में सीआईडी ने 18 अगस्त से अब तक कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

सीआईडी ने रविवार रात जारी एक बयान में कहा, ‘‘जेएसएससी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा के संबंध में गिरिडीह जिले के बेंगाबाद निवासी समीर कुमार को गिरफ्तार किया गया है।’’

एजेंसी ने 2024 में आयोजित जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में सफल रहे चार अभ्यर्थियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था।

राज्य की जांच एजेंसी ने बृहस्पतिवार को इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

सीआईडी ने जांच के सिलसिले में 22 जुलाई को मुख्य आरोपी अभय तिवारी को गिरफ्तार किया था। वह उस समय गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट में प्रखंड आपूर्ति अधिकारी के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी सुषमा कुमारी और भाई अक्षय तिवारी को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।

इससे पहले, झारखंड सरकार ने परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बाद कई भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की थी। इनमें 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित जेएसएससी-सीजीएल-2023 परीक्षा भी शामिल थी।

हालांकि, नौकरी खोने को लेकर आशंकित सफल अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई के दौरान झारखंड उच्च न्यायालय ने जेएसएससी-सीजीएल-2023 समेत कुछ परीक्षाओं को रद्द करने के सरकार के फैसले पर रोक लगा दी थी।

झारखंड सीआईडी का एक विशेष जांच दल (एसआईटी) जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है।

भाषा

सिम्मी वैभव

वैभव