झारखंडः सीआरपीएफ महानिदेशक ने सारंडा जंगल में सुरक्षा शिविर का दौरा किया
झारखंडः सीआरपीएफ महानिदेशक ने सारंडा जंगल में सुरक्षा शिविर का दौरा किया
चाईबासा, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रसाद सिंह ने नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को झारखंड के सुदूर सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों के एक शिविर का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सिंह ने जंगल के अंदर जराइकेला पुलिस थाना क्षेत्र के तिरिलपोसी में शिविर का दौरा किया।
जवानों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने नक्सलियों के खात्मे की 31 मार्च की समय सीमा पर जोर दिया।
उन्होंने छिपाए गए संवर्धित विस्फोटक उपकरणों (आईईडी) को लेकर सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया ताकि हताहतों की संख्या शून्य रहे।
उन्होंने बलों से माओवाद प्रभावित मुख्य क्षेत्रों में निरंतर दबाव बनाए रखने को कहा।
अधिकारियों ने कहा कि महानिदेशक ने शिविर में एक पौधा लगाया और जवानों के साथ चाय पी।
पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रेणू ने कहा, ‘महानिदेशक ने बाद में जिला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान को तेज करने की रणनीतियों पर चर्चा की।’
इस वर्ष सिंह का इस क्षेत्र का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ की समीक्षा के लिए जनवरी में चाईबासा का दौरा किया था, जिसका उद्देश्य सारंडा और कोल्हान के जंगलों को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त कराना था।
भाषा तान्या माधव पवनेश
पवनेश

Facebook


