झारखंड: चाईबासा कोषागार से 27 लाख रुपये के गबन मामले में सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी

झारखंड: चाईबासा कोषागार से 27 लाख रुपये के गबन मामले में सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी

झारखंड: चाईबासा कोषागार से 27 लाख रुपये के गबन मामले में सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी
Modified Date: April 27, 2026 / 01:14 am IST
Published Date: April 27, 2026 1:14 am IST

चाईबासा (झारखंड), 26 अप्रैल (भाषा) पश्चिम सिंहभूम जिला के चाईबासा कोषागार से कथित तौर पर 27 लाख रुपये के गबन के मामले में राज्य पुलिस के एक सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रेणु ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित कोषागार से धोखाधड़ी कर पैसे निकालने के संबंध में सिपाही के खिलाफ चाईबासा मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।’’

एसपी ने बताया, ‘‘कोषागार कार्यालय में तैनात एक सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि कुछ अन्य लोगों की भी पहचान की गई है जो इस धोखाधड़ी में शामिल थे। उनके खिलाफ भी जल्द ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।’’

इससे पहले शनिवार को पश्चिम सिंहभूम के पुलिस उपायुक्त मनीष कुमार ने चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी की जांच शुरू होने की जानकारी दी थी।

उसी दिन सदर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) बहमन टूटी ने जिला कोषागार का निरीक्षण भी किया था।

भाषा

सुमित धीरज

धीरज


लेखक के बारे में