गढ़वा/हजारीबाग, 16 अप्रैल (भाषा) झारखंड के हजारीबाग और गढ़वा जिलों में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हजारीबाग जिले के चरही में बृहस्पतिवार शाम एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े सात लोगों को कथित रूप से कुचल दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय ये लोग सड़क किनारे एक पंक्चर बनाने की दुकान के पास खड़े थे।
पुलिस के मुताबिक इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
पुलिस का कहना है कि घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार एक अन्य दुर्घटना गढ़वा जिले के महुलीया पंचायत क्षेत्र में तड़के एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो युवकों की जान चली गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘राहुल चौधरी (26) और नंदलाल राम (26) सड़क किनारे अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े थे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल ले जाते समय नंदलाल की भी मौत हो गई।’’
अधिकारी के अनुसार हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने कहा कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
भाषा सुमित राजकुमार
राजकुमार