झारखंड: मां के सड़ चुके शव के साथ तीन दिन तक घर में रहा युवक
झारखंड: मां के सड़ चुके शव के साथ तीन दिन तक घर में रहा युवक
जमशेदपुर, 22 सितंबर (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक युवक तीन दिन तक अपनी मां के सड़ चुके शव के साथ घर में रह रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इलाके के निवासियों द्वारा घर से दुर्गंध आने की शिकायत मिलने के बाद सोमवार रात पुलिस की एक टीम घाटशिला थाना क्षेत्र के कसीदा न्यू कॉलोनी स्थित घर में गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को घर में उमा गोस्वामी नाम की महिला मृत पड़ी मिली। महिला को तुरंत घाटशिला अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विकास आनंद लागुरी ने बताया कि पुलिस गोस्वामी के बेटे से पूछताछ कर रही है, जो अपनी मां के साथ रहता था।
पीड़िता का पोस्टमार्टम मंगलवार को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि यह कोई आकस्मिक मामला है या तीन दिन पहले कोई अप्रिय घटना घटी थी, इसकी पुष्टि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही की जा सकती है।
एसडीपीओ ने कहा, ‘हम सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं।’
घाटशिला थाने के प्रभारी भूषण कुमार ने बताया कि इस संबंध में जांच जारी है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


