जमशेदपुर, दो जुलाई (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में नौ अन्य लोगों में सेरेब्रल मलेरिया के संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पिछले एक सप्ताह में इस क्षेत्र में ऐसे मामलों की कुल संख्या बढ़कर 150 हो गई। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने इस तरह की बीमारी की जांच के लिए अभियान तेज कर दिया है।
सेरेब्रल मलेरिया, प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम संक्रमण से उत्पन्न होने वाली एक जानलेवा तंत्रिका संबंधी जटिलता है, जिसके कारण व्यक्ति कोमा में जा सकता है और उसके मस्तिष्क को गंभीर क्षति पहुंच सकती है।
अधिकारी ने बताया, “24 जून से पोटका प्रखंड में कुल 3,000 नमूनों की जांच की गई। बुधवार को संक्रमित पाए गए नौ लोगों समेत करीब 150 लोगों में सेरेब्रल मलेरिया की पुष्टि हुई है।”
अधिकारी ने बताया कि अधिकांश मामले कंदर और हितबासा जैसे गांवों से सामने आए हैं, जहां चिकित्सा दल लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं, दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, मच्छरदानियों का वितरण कर रहे हैं और एहतियाती उपाय कर रहे हैं।
उन्होंने बताया, “सेरेब्रल मलेरिया से संक्रमित नौ मरीजों को पोटका प्रखंड के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 45 अन्य मरीज जमशेदपुर के सदर अस्पताल में उपचाराधीन हैं।”
पिछले सप्ताह इस बीमारी का पहला मामला सामने आने के बाद से अब तक सेरेब्रल मलेरिया के कारण चार बच्चों की मौत हो चुकी है।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव