झारखंड : गिरिडीह में अज्ञात बदमाशों ने आदिवासी दंपति की बेरहमी से हत्या की
झारखंड : गिरिडीह में अज्ञात बदमाशों ने आदिवासी दंपति की बेरहमी से हत्या की
गिरीडीह, तीन जून (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर एक आदिवासी दंपति की उनके घर में ही बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात दलान चकारी गांव के पास स्थित तिरिलटांर टोला में घटी। मृतकों की पहचान परनी मरांडी (35) और उनके पति पटिया हांसदा (40) के रूप में हुई है।
डुमरी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आबिद खान ने बताया, ‘‘अज्ञात बदमाशों ने पीड़ितों पर धारदार हथियार से उस वक्त हमला किया, जब वे अपने घर के आंगन में अपने डेढ़-वर्षीय सबसे छोटे बेटे के साथ सो रहे थे। उस समय उनका 10-वर्षीय एक बेटा कुछ दूरी पर सो रहा था और उनकी 11-वर्षीय बेटी छत पर सो रही थी, जिसने पड़ोसियों को सूचना दी।’’
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी घायल पत्नी को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किसी विवाद के चलते दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों के शव शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को सौंप दिए गए हैं और इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


