झारखंड: जमशेदपुर में निर्माण कंपनी के कार्यालय में डकैती के मामले में दो गिरफ्तार
झारखंड: जमशेदपुर में निर्माण कंपनी के कार्यालय में डकैती के मामले में दो गिरफ्तार
जमशेदपुर, 18 नवंबर (भाषा) झारखंड के जमशेदपुर में एक निर्माण कंपनी के कार्यालय में कथित तौर पर लूटपाट करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में अजीत बेहरा (28) भी शामिल है, जो पिछले तीन महीने से कंपनी में वेल्डर के तौर पर काम कर रहा था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे पता था कि हर महीने की दस तारीख को मजदूरों के भुगतान के लिए कार्यालय में भारी मात्रा में नकदी आती थी और इसके आधार पर ही उसने डकैती की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपने दोस्त अजय सिंह उर्फ मोटा, सूरज करवा और बाबू सरदार उर्फ नेपू के साथ मिलकर 10 नवंबर को बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित कंपनी के कार्यालय से बंदूक की नोक पर 10 लाख रुपये लूट लिए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर सरदार को परसुडीह थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आपस में 1.15 लाख रुपये बांट लिये थें।
पुलिस ने बताया कि बेहरा और सरदार के पास से लगभग 1.23 लाख रुपये नकद, एक देशी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


