झारखंड: पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद दो गैंगस्टर पकड़े गये

Ads

झारखंड: पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद दो गैंगस्टर पकड़े गये

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 07:41 PM IST

हजारीबाग (झारखंड), 22 अगस्त (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में शनिवार को पुलिस के साथ हुई एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद दो गैंगस्टर पकड़े गये, जिनके पैरों में गोली लगी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर, पुलिस की एक टीम ने तड़के गिद्दी थानाक्षेत्र में ओल्ड कांटाघर के पास मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों को रोका।

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा, ‘‘पुलिस को देख गैंगस्टर गोलियां चलाने लगे और भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सुरक्षाबलों में जवाबी कार्रवाई की और दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ छिड़ गयी। इसी मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गयी।’’

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राहुल दुबे गैंग के गुर्गों –बादल कुमार और मोहित कुमार– को मुठभेड़ के बाद गिरफ़्तार कर लिया गया तथा उनका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उन्होंने कहा कि लेकिन तीसरा गैंगस्टर भागने में कामयाब रहा और उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

कुमार ने कहा कि गिरफ्तार किये गये दोनों गैंगस्टर रामगढ़ जिले के हैं तथा उन्होंने जुलाई में इसी थानाक्षेत्र में एक कोयला ढुलाई स्थल पर गोलीबारी में अपनी संलिप्तता कबूल की।

कोयला ढुलाई स्थल पर गोलियां चलने से एक ट्रक चालक घायल हो गया था।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मोटरसाइकिल के अलावा गिरोह की दो पिस्तौल, दो मोबाइल फोन, दो कारतूस, चार खाली खोखे और तीन पर्चे भी ज़ब्त किए।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश