जितेंद्र सिंह ने क्वान के साथ द्विपक्षीय वार्ता की
जितेंद्र सिंह ने क्वान के साथ द्विपक्षीय वार्ता की
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को यहां वियतनाम के अपने समकक्ष डॉ. वू हाई क्वान के साथ कृत्रिम मेधा, साइबर सुरक्षा, गहन प्रौद्योगिकियों, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी, डिजिटल प्रौद्योगिकियों और नवाचार-आधारित अनुसंधान में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
उन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच संस्थागत तंत्र को मजबूत करने पर भी चर्चा की।
सिंह ने एक बयान में कहा,‘‘भारत और वियतनाम लगभग दो हजार वर्षों के साझा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों से जुड़े सभ्यतागत साझेदार हैं। पिछले एक दशक में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिली है।’’
मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि वियतनाम भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और ‘इंडो-पैसिफिक विजन’ में एक महत्वपूर्ण भागीदार बना हुआ है।
सिंह ने कहा, ‘‘विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में भारत-आसियान की बढ़ती भागीदारी सहयोगात्मक अनुसंधान, नवोन्मेष और प्रौद्योगिकी-आधारित विकास के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करती है।’’
दोनों पक्षों ने प्रस्तावित अगली भारत-वियतनाम संयुक्त समिति (जेसीएम) की बैठक पर भी चर्चा की और संस्थागत सहयोग के माध्यम से विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार में द्विपक्षीय भागीदारी को आगे बढ़ाने की तैयारियों की समीक्षा की।
क्वान ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी में दोनों देशों के बीच बढ़ती भागीदारी का स्वागत किया और व्यावहारिक अनुप्रयोगों और सामाजिक लाभों वाली गहन प्रौद्योगिकियों में व्यवस्थित सहयोग विकसित करने में वियतनाम की रुचि व्यक्त की।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


