जम्मू-कश्मीर सरकार ने जनता से जुड़े मुद्दों पर चुप्पी साधी, वादे पूरे नहीं किए: महबूबा
जम्मू-कश्मीर सरकार ने जनता से जुड़े मुद्दों पर चुप्पी साधी, वादे पूरे नहीं किए: महबूबा
जम्मू, 10 मई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को उमर अब्दुल्ला सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए बेरोजगारी दूर करने जैसे महत्वपूर्ण वादों को पूरा न करने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक रसूख और पैसों के प्रभाव में नियुक्तियां और तबादले किए जा रहे हैं।
महबूबा ने महंगाई, शैक्षणिक संस्थानों के बंद होने, मस्जिदों में कथित निगरानी और ईरान मुद्दे पर ‘मौन’ रहने के लिए मुख्यमंत्री अब्दुल्ला की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस सरकार को सत्ता में आने के बाद पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन उसने जनता की समस्याओं को हल नहीं किया।
उन्होंने कहा, “यह सरकार करीब डेढ़ साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी है। हमने चुप्पी साधी और जनता से कहा कि नेशनल कांफ्रेंस का विरोध न करे। हमने कहा कि छह महीने, एक साल दें और फिर देखेंगे कि वे क्या करते हैं। लेकिन अब भी सरकार का ध्यान केवल अपने स्वार्थ पर है।”
मुफ्ती ने ये बातें पोंच में पार्टी कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।
पीडीपी प्रमुख ने सरकार की भर्ती और तबादला प्रक्रियाओं में अनियमितताओं का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा, “वे चुपके-चुपके लोगों को नियुक्त कर रहे हैं। आपको शायद इसका पता भी नहीं होगा। यह कैसे हो रहा है?”
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा,“वे ठेका देकर कहते हैं कि आपको इस विभाग में 5,000 कर्मचारी नियुक्त करने हैं, हम आपको कमीशन देंगे। लेकिन वास्तव में कौन भुगतान करता है? नेशनल कांफ्रेंस के विधायक और उनके मंत्री अपनी सूचियां देते हैं। आप पहले से ही जानते हैं, मुझे यह बात समझाने की जरूरत नहीं है।”
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


