हैदराबाद में मेट्रो और आरटीसी बस के लिए जल्द शुरू होगा संयुक्त पास : मुख्य सचिव
हैदराबाद में मेट्रो और आरटीसी बस के लिए जल्द शुरू होगा संयुक्त पास : मुख्य सचिव
हैदराबाद, छह सितंबर (भाषा) तेलंगाना के मुख्य सचिव संजय जाजू ने रविवार को अधिकारियों को हैदराबाद में मेट्रो रेल और आरटीसी बस से यात्रा के लिए जल्द से जल्द संयुक्त पास शुरू करने का निर्देश दिया।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने मेट्रो और आरटीसी के अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा के लिए दैनिक और मासिक पास जारी करने करने के लिये जरूरी व्यवस्था करने को कहा।
मुख्य सचिव ने हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड (एचएमआरएल), तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी), बिजली विभाग और हैदराबाद मेट्रो वाटर वर्क्स विभाग के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक की।
एचएमआरएल के प्रबंध निदेशक सरफराज अहमद, अतिरिक्त प्रबंध निदेशक बी. अजित रेड्डी और संयुक्त प्रबंध निदेशक शिवेंद्र प्रताप ने उन्हें हैदराबाद मेट्रो के पहले और दूसरे चरण के तहत अब तक किए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।
एलएंडटी मेट्रो रेल हैदराबाद और टीजीएसआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि वे मेट्रो और आरटीसी यात्रियों के लिए संयुक्त पास जारी करने के लिहाज से तकनीकी रूप से तैयार हैं और इसके क्रियान्वयन के लिए जरूरी व्यवस्था कर ली गई है।
जाजू ने अधिकारियों को संयुक्त किराया ढांचा को जल्द अंतिम रूप देने और बिना देरी के पास व्यवस्था शुरू करने का निर्देश दिया।
मुख्य सचिव ने पुराने शहर के मेट्रो गलियारे के लिए सड़क चौड़ीकरण कार्य की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें सामान्य सलाहकार की नियुक्ति के लिए जारी निविदा प्रक्रिया के मौजूदा चरण की जानकारी दी।
उन्होंने 7.5 किलोमीटर लंबे पुराने शहर गलियारे के काम में तेजी लाने और मेट्रो परियोजना से संबंधित गतिविधियां जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया।
जाजू ने रविवार को एचएमआरएल के प्रबंध निदेशक सरफराज अहमद और अतिरिक्त प्रबंध निदेशक बी. अजित रेड्डी के साथ बेगमपेट से पैराडाइज तक मेट्रो रेल में यात्रा की।
उन्होंने मेट्रो स्टेशनों पर वाणिज्यिक परिसरों और पार्किंग क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा उनके आगे विकास के लिए सुझाव दिए।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जाजू ने एनएच-44 के किनारे हैदराबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एचएमडीए) द्वारा बनाए जा रहे एलिवेटेड गलियारों का भी निरीक्षण किया।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


