पत्रकार पालकी शर्मा ने वैश्विक मीडिया मंच की शुरुआत की

पत्रकार पालकी शर्मा ने वैश्विक मीडिया मंच की शुरुआत की

पत्रकार पालकी शर्मा ने वैश्विक मीडिया मंच की शुरुआत की
Modified Date: May 7, 2026 / 06:01 pm IST
Published Date: May 7, 2026 6:01 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) पत्रकार पालकी शर्मा ने बृहस्पतिवार को ‘इंडिया ग्लोबल रिव्यू’ (आईजीआर) ने वैश्विक मीडिया मंच की शुरुआत करने की घोषणा की।

शर्मा के मुताबिक यह भारत में मुख्यालय वाली पहली वैश्विक डिजिटल मीडिया कंपनी है जो भारतीय दृष्टिकोण से वैश्विक मामलों को प्रस्तुत करेगी।

शर्मा की योजना इसका विस्तार अमेरिका, यूरोप, पश्चिम एशिया, दक्षिण एशिया और अफ्रीका सहित अन्य क्षेत्रों में और प्रमुख इंटरनेट मंचों के साथ-साथ कनेक्टेड टेलीविजन (सीटीवी) पर करने की है।

एक बयान के अनुसार, कंपनी ने अपने परिचालन के प्रारंभिक चरण में मदद और वैश्विक स्तर पर अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए संस्थागत निवेशकों से समर्थन प्राप्त किया है।

शर्मा ने इस मंच की शुरुआत करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत वैश्विक विमर्श को तेजी से आकार दे रहा है, और एक विश्वसनीय और स्वतंत्र मंच की आवश्यकता है जो अंतरराष्ट्रीय मामलों पर स्पष्टता और परिप्रेक्ष्य प्रदान करे।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत अब वैश्विक चर्चा का सिर्फ एक हिस्सा नहीं है, बल्कि इसे आकार भी दे रहा है। इंडिया ग्लोबल रिव्यू के माध्यम से हमारा लक्ष्य एक विश्वसनीय, स्वतंत्र मंच का निर्माण करना है जो भारतीय दृष्टिकोण से विश्व मामलों में स्पष्टता लाए।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘शोरगुल भरे और ध्रुवीकृत मीडिया परिदृश्य में, हमारा ध्यान तथ्यों, संदर्भ और दृष्टिकोण पर होगा, क्योंकि आप दुनिया को कैसे देखते हैं, यह आपके विश्वासों को आकार देता है।’’

टेलीविजन, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 24 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाली पुरस्कार विजेता पत्रकार शर्मा ने हाल ही में नए उद्यम को शुरू करने के लिए नेटवर्क18 में फर्स्टपोस्ट के प्रबंध संपादक के पद से इस्तीफा दे दिया था।

भाषा धीरज माधव

माधव


लेखक के बारे में