जेपीएससी विवाद: सरकार और देवेंद्र नाथ महतो गुट के प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के बीच वार्ता बेनतीजा, आंदोलन जारी रहेगा
जेपीएससी विवाद: सरकार और देवेंद्र नाथ महतो गुट के प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के बीच वार्ता बेनतीजा, आंदोलन जारी रहेगा
रांची, आठ अगस्त (भाषा) झारखंड सरकार ने कथित पेपर लीक के मामले में नौकरी के अभ्यर्थियों के देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व वाले गुट के साथ शनिवार को बातचीत की, लेकिन गतिरोध खत्म नहीं हो सका क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने तय किया कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
यह राज्य सरकार और प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के बीच बातचीत का दूसरा दौर था। इससे पहले शुक्रवार रात को जेपीएससी/जेएसएससी (झारखंड लोक सेवा आयोग-झारखंड कर्मचारी चयन आयोग) रिफॉर्म मंच के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सरकार ने वार्ता की थी।
रांची स्थित राज्य अतिथि गृह में करीब दो घंटे की बैठक के बाद जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी मंच के एक नेता ने कहा, ‘‘झारखंड सरकार ने हमारी ओर से उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। हालांकि, 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने समेत हमारी सभी मांगें पूरी होने तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।’’
राज्य मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई और छात्रों की ओर से उठाई गई भर्ती संबंधी विसंगतियों का जल्द समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम विभिन्न छात्र संगठनों से मुलाकात करेंगे और बातचीत के नतीजों से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे।’’
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में सुधार के लिए अभ्यर्थियों से सुझाव लेने के लिए एक ई-मेल आईडी जारी की है।
देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व वाले गुट के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सरकार की पांच सदस्यीय समिति से मुलाकात की। यह बैठक राजधानी रांची में पिछले दो सप्ताह से चल रहे बड़े विरोध प्रदर्शन के बाद हुई।
भाषा शोभना प्रशांत
प्रशांत

Facebook


