अदालत परिसर में न्यायाधीश की तबीयत बिगड़ी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
अदालत परिसर में न्यायाधीश की तबीयत बिगड़ी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
एटा, 21 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार को अपर दीवानी न्यायाधीश (जूनियर डिवीजन) आरती मौर्या की अदालत परिसर में काम करते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि अपर दीवानी न्यायाधीश की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसकी जानकारी मिलते ही अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
पवार ने बताया कि न्यायमूर्ति मौर्या को गंभीर हालत में वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पवार के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर न्यायमूर्ति मौर्या को दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद चिकित्सकों ने उनकी आवश्यक जांच कराई, मगर जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पवार ने बताया कि न्यायमूर्ति मौर्या के अन्य चिकित्सीय परीक्षण कराए जा रहे हैं और उनके इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी बुलाया गया है।
भाषा
सं. सलीम पारुल
पारुल

Facebook


