बंगाल चुनावों में ‘धांधली’ का मुद्दा अगर न्यायालय पहुंचता है तो न्याय मिलेगा : फारूक अब्दुल्ला
बंगाल चुनावों में ‘धांधली’ का मुद्दा अगर न्यायालय पहुंचता है तो न्याय मिलेगा : फारूक अब्दुल्ला
श्रीनगर, सात मई (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को उम्मीद जताई कि अगर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कथित धांधली से जुड़ा विवाद उच्चतम न्यायालय पहुंचता है, तो वह न्याय प्रदान करेगा।
अब्दुल्ला ने श्रीनगर में नेकां की प्रांतीय समिति की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि चुनाव नतीजों पर हर कोई सवाल उठा रहा है।
उन्होंने कहा, “(चुनाव नतीजों पर) ममता (बनर्जी) सवाल उठा रही हैं, अखिलेश (यादव) सवाल उठा रहे हैं, हर कोई सवाल उठा रहा है। मुझे उम्मीद है कि वे इस मामले को उच्चतम न्यायालय में ले जाएंगे और शीर्ष अदालत इस पर न्याय देगी।”
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) में एकता से जुड़े सवाल पर अब्दुल्ला ने कहा, “ ‘इंडिया’ गठबंधन हमेशा से सक्रिय रहा है और यह आगे भी सक्रिय रहेगा।”
प्रांतीय समिति की बैठक के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसमें नेकां को मजबूत करने के तरीकों सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
भाषा पारुल मनीषा
मनीषा

Facebook


