कमल हासन, आर माधवन और अन्य ने विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी
कमल हासन, आर माधवन और अन्य ने विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी
नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) कमल हासन और आर माधवन सहित कई हस्तियों ने टीवीके अध्यक्ष चंद्रशेखर जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी और इसे ‘‘ऐतिहासिक जीत’’ बताया।
विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में आधिकारिक तौर पर शपथ ली। यह समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।
हासन ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा, “तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री, मेरे भाई थिरु विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु राज्य का विकास हो। यह नई ऊंचाइयों को छुए। मेरी हार्दिक बधाई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) और भारतीय यूनियन मुस्लिम लीग को हार्दिक बधाई, जिन्होंने जनता के फैसले का सम्मान करते हुए तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार को अपना समर्थन दिया है।’’
माधवन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अभिनेता विजय की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि उन्हें विजय पर गर्व है। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे प्यारे भाई, आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री के रूप में आपका कार्यकाल हमारे राज्य के लिए सबसे सफल और प्रभावशाली हो। आपको वह शक्ति मिले जिसकी आपको सभी अच्छे कार्यों को करने के लिए आवश्यकता है। मुझे आप पर बहुत गर्व है भाई।’’
सत्यराज ने अपने फेसबुक हैंडल पर अभिनेता की एक तस्वीर साझा की और उन्हें बधाई देते हुए एक लंबा संदेश लिखा। उन्होंने लिखा, ‘‘अंतिम लड़ाई जीतने पर हमारे माननीय मुख्यमंत्री थलपति विजय अन्ना को एक बार फिर बधाई। उनकी ऐतिहासिक जीत इस बात का सच्चा उदाहरण है कि विपरीत परिस्थितियों में भी व्यक्ति को दृढ़ रहना चाहिए और अपने रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं के बावजूद अपने सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए।’’
पूजा हेगड़े ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अभिनेता की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा,‘‘ अभिनेता विजय… या जैसा कि अब कहा जाना चाहिए, मुख्यमंत्री विजय। सर।’’
अभिनेता प्रकाश राज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री विजय को बधाई। आपकी नई जिम्मेदारी में सफलता के लिए शुभकामनाएं। आपके शासन में राज्य की भी खूब तरक्की हो।’’
आरजे बालाजी ने ‘एक्स’ में अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘सी जोसेफ विजय। यह अविश्वसनीय लग रहा है… आपको और आपके मंत्रिमंडल को हार्दिक बधाई… आपको और आपके इरादों को जानते हुए, मुझे उम्मीद है कि आपकी समावेशी और प्रगतिशील सरकार हमारे गौरवशाली राज्य को अगले स्तर पर ले जाएगी। आपको ढेर सारी शुभकामनाएं।’’
भाषा धीरज गोला
गोला

Facebook


