‘शुद्धीकरण’ के खिलाफ कामगार कांग्रेस का आरएसएस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

Ads

‘शुद्धीकरण’ के खिलाफ कामगार कांग्रेस का आरएसएस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 05:37 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 05:37 PM IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) कांग्रेस के प्रकोष्ठ ‘असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस’ ने पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे के उत्तराखंड में कथित अपमान और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के विरोध में बुधवार को यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

असंगठित कामगार कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, संगठन के अध्यक्ष उदित राज की अगुवाई में किए गए इस प्रदर्शन के दौरान ‘मनुस्मृति’ की प्रतियां और आरएसएस की ड्रेस को जलाया गया, जिसके बाद पुलिस ने उदित राज तथा अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

उदित राज ने आरोप लगाया कि एक ओर संविधान, सामाजिक समानता और सम्मान को खत्म करने की साजिश की जा रही है और दूसरी ओर इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

उन्होंने हल्द्वानी में खरगे की रैली के बाद सभा स्थल के कथित ‘‘शुद्धिकरण’’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों ने ऐसा किया और बाद में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने भी इस कार्रवाई का समर्थन किया।

उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर किसी व्यक्ति का अपमान केवल उस व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान है और यह संविधान में निहित समानता, गरिमा तथा सामाजिक न्याय के मूल्यों पर हमला है।

भाषा हक हक नरेश

नरेश