कंगना रनौत की ‘क्वीन 2’ को लेकर फैंटम स्टूडियो ने किया अदालत का रुख
कंगना रनौत की ‘क्वीन 2’ को लेकर फैंटम स्टूडियो ने किया अदालत का रुख
मुंबई, सात जुलाई (भाषा) अभिनेत्री कंगना रनौत की 2014 की फिल्म ‘‘क्वीन’’ के ‘सीक्वल’ की शूटिंग पूरी करने की घोषणा के कुछ दिनों बाद, फैंटम स्टूडियो ने बंबई उच्च न्यायालय का रुख कर आरोप लगाया है कि उनकी मंजूरी के बिना यह फिल्म बनाई जा रही है।
प्रतिवादी जियोस्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने मंगलवार को दावा किया कि आगामी फिल्म एक स्वतंत्र निर्माण है और यह कोई ‘सीक्वल’ नहीं है।
कानूनी फर्म रश्मीकांत एंड पार्टनर्स के माध्यम से जियोस्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ दायर इस मुकदमे में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए अंतरिम आदेश का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा, इसमें 250 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग भी की गई है। मामले में उच्च न्यायालय की एकल पीठ के समक्ष सुनवाई होगी।
फैंटम स्टूडियो ने अपनी याचिका में दावा किया कि जब ‘‘क्वीन’’ फिल्म बनाई गई थी, तब वादी और प्रतिवादी (जियोस्टार) के बीच एक समझौता हुआ था। इसके तहत भविष्य में यदि फिल्म का कोई सीक्वल या प्रीक्वल बनाया जाता है, तो दोनों पक्षों के पास उसमें 50-50 प्रतिशत अधिकार होंगे।
फैंटम स्टूडियो ने कहा कि उसने फिल्म के किसी भी सीक्वल, रूपांतरण या उससे जुड़ी अन्य रचनाओं के लिए अपनी सहमति नहीं दी है।
वहीं, जियोस्टार ने एक बयान में दावा किया कि नयी फिल्म की कहानी मौलिक और स्वतंत्र है।
जियोस्टार ने अपने बयान में कहा, ‘‘‘क्वीन’ शब्द अंग्रेजी भाषा का एक सामान्य शब्द है। कोई भी पक्ष किसी आम संज्ञा पर विशेष अधिकार का दावा नहीं कर सकता और ऐसा कोई भी दावा कानून की नजर में आधारहीन है।’’
याचिका के अनुसार, फिल्म ‘‘क्वीन’’ के सभी बौद्धिक संपदा अधिकारों में फैंटम और जियोस्टार की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
‘‘क्वीन’’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार मिले थे।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश

Facebook


