उप्र : कानपुर में कोडीन कफ सिरप मामले में पांच माह से फरार आरोपी गिरफ्तार
उप्र : कानपुर में कोडीन कफ सिरप मामले में पांच माह से फरार आरोपी गिरफ्तार
कानपुर, चार अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में पांच माह से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कफ सिरप मामले में जेल में बंद सरगना विनोद अग्रवाल के बेटे शिवम अग्रवाल के रूप में हुई है। शिवम को कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क में उसकी भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शिवम पर 25,000 रुपये का इनाम था और वह लगभग पांच महीने से फरार था।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि मामले में दर्ज आठ प्राथमिकी में नामजद 11 आरोपियों में से छह प्रमुख आरोपियों की गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं, जिनमें अब शिवम भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि शिवम के पिता, जिन्हें ‘अग्रवाल बंधुओं’ के गिरोह का सरगना माना जाता है, पहले से ही कई सहयोगियों के साथ जेल में हैं।
जांच में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और यहां तक कि बांग्लादेश में कोडीन युक्त कफ सिरप की आपूर्ति करने वाले एक विशाल गिरोह का खुलासा हुआ था।
पुलिस आयुक्त लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि 26 लाख बोतलों की संदिग्ध हेराफेरी से शुरू हुआ यह मामला अब दो वर्षों में 1.12 करोड़ बोतलों की चौंका देने वाली आपूर्ति तक पहुंच गया है।
पुलिस के अनुसार, शिवम ने खुद को मुख्य आपूर्तिकर्ता बताया था जो स्टॉक रखने वालों को सिरप वितरित करता था, हालांकि वह आगे की बिक्री का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सका।
अधिकारियों ने बताया कि शिवम गिरफ्तारी से बचने के लिए अक्सर अपना ठिकाना बदलता रहता था और उसकी गतिविधियों का पता दिल्ली, गुरुग्राम, राजस्थान और प्रयागराज में लगाया गया है।
मामले की जांच की जिम्मेदारी संभालने वाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) इसकी विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


