कर्नाटक: मादक पदार्थ मामले के आरोपी के साथ कर्नाटक मंत्री के चित्रों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

Ads

कर्नाटक: मादक पदार्थ मामले के आरोपी के साथ कर्नाटक मंत्री के चित्रों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

  •  
  • Publish Date - September 15, 2020 / 10:56 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:13 PM IST

बेंगलुरु, 15 सितंबर (भाषा) कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को मादक पदार्थ मामले में एक आरोपी के साथ राजस्व मंत्री आर अशोक का चित्र साझा करते हुए कहा कि सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को दूसरे दलों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट किया, “ड्रग स्कैंडल के सरगना राहुल तोंसे के साथ आर अशोक के चित्र बताते हैं कि यह कोई अनायास हुई मुलाकात नहीं थी बल्कि इन दोनों के बीच नजदीकी संबंध हैं। सत्ताधारी भाजपा के जो नेता अपने घोटालों को छिपाने के लिए दूसरी पार्टियों पर आरोप लगा रहे हैं उन्हें पहले खुद जांच का सामना करना चाहिए।”

ट्वीट में साझा किए गए चित्र में किसी आयोजन में तोंसे के साथ अशोक को देखा जा सकता है।

अन्य चित्रों में दोनों एक दूसरे को मिठाई खिलाते देखे जा सकते हैं।

मंत्री ने तोंसे के साथ किसी भी प्रकार का संबंध होने से सोमवार को इनकार कर दिया था।

अशोक ने कहा, “मैं अपने चुनाव क्षेत्र में एक कार्यकर्ता के घर पर नामकरण संस्कार समारोह में गया था। ऐसे आयोजनों में जब कोई नामचीन व्यक्ति जाता है तो लोग ऐसे चित्र खींच लेते हैं। सार्वजनिक समारोहों में ऐसे चित्र लेना सामान्य बात है। इसका यह अर्थ नहीं कि हमारा आपस में कोई संबंध है। यदि मैं उसके घर गया होता तो अलग बात होती।”

एक सवाल के जवाब में अशोक ने कहा कि चित्र चार साल पहले लिया गया होगा और कोरोना वायरस फैलने से लेकर अब तक वह ऐसे किसी आयोजन में नहीं गए हैं।

भाषा यश शाहिद

शाहिद