Karnataka Crime News | Photo Credit: IBC24
कोप्पल: Karnataka Crime News कर्नाटक के कोप्पल में एक गर्भवती महिला पर उसके भाई ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, महिला ने दूसरे समुदाय में विवाह किया था, जिससे नाराज होकर उसके भाई ने कथित हमला किया। घटना बुधवार को उस समय हुई जब मीनाक्षी अपने पति उदय कुमार के साथ सामूहिक विवाह समारोह में अपने भाई की शादी में शामिल होने गई थी।
Karnataka Crime News पुलिस ने बताया कि मीनाक्षी ने एक साल पहले अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध कुमार से अंतरजातीय विवाह किया था। पुलिस ने बताया कि तब से यह जोड़ा बेंगलुरु में रह रहा था और मीनाक्षी के परिवार ने उससे सारे संबंध तोड़ लिए थे। पुलिस के मुताबिक, जब 35 वर्षीय मंजुनाथ को पता चला कि उसकी बहन एक अन्य भाई की शादी में शामिल होने आई है, तो उसने कथित तौर पर कुल्हाड़ी लेकर शादी स्थल में घुसकर चार महीने की गर्भवती मीनाक्षी पर सबके सामने हमला कर दिया।
वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और महिला को बचा लिया। कोप्पल के पुलिस अधीक्षक राम एल अरासिद्धि ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘घायल महिला का जिले के एक सरकारी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है और उसकी हालत स्थिर है।’ उन्होंने बताया कि हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी मंजुनाथ को गिरफ्तार कर लिया गया है।