कर्नाटक सरकार जिलेटिन की छड़ें बरामद होने संबंधी मामले की एनआईए जांच के लिए तैयार : परमेश्वर
कर्नाटक सरकार जिलेटिन की छड़ें बरामद होने संबंधी मामले की एनआईए जांच के लिए तैयार : परमेश्वर
बेंगलुरु, 12 मई (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार हाल में बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम स्थल के निकट जिलेटिन की छड़ें बरामद होने संबंधी मामले की जांच एनआईए को सौंपने के लिए तैयार है।
परमेश्वर ने कहा कि राज्य पुलिस ने प्रधानमंत्री के दौरे से काफी पहले जिलेटिन की छड़ों को ढूंढकर ‘‘बेहतरीन काम’’ किया और इस घटना की जांच की जा रही है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘मामले की जांच की जा रही है। मैं अभी और जानकारी साझा नहीं करना चाहता क्योंकि इस संबंध में जांच अभी जारी है। उस फोन कॉल के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जिसमें ‘आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन’ के निकट बम लगाये जाने का दावा किया गया था। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के निकट सड़क किनारे जिलेटिन की छड़ें बरामद कर ली हैं और इनकी जांच की जाएगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे सूचना मिली है कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) इस घटना की जांच करना चाहता है। अगर वे मदद मांगेंगे तो हम करेंगे; उन्हें जांच करने दीजिए।’’
परमेश्वर ने कहा कि उन कार्यक्रमों के लिए राज्य और केंद्र दोनों एजेंसियों द्वारा उच्च स्तरीय सुरक्षा प्रदान की जाती है जिनमें प्रधानमंत्री को शामिल होना होता है। उन्होंने कहा कि जिलेटिन की छड़ें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से दो घंटे पहले ही मिल गई थीं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उसने (पुलिस ने) अच्छा काम किया है।’’
जब उनसे पूछा गया कि क्या इस घटना का आतंकवाद से कोई संबंध है, तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता। जांच पूरी होने तक कुछ नहीं कहा जा सकता। जांच पूरी होने के बाद ही हम कुछ कह सकते हैं।’’
शहर के बाहरी इलाके में, जहां से रविवार को प्रधानमंत्री मोदी का काफिला गुजरने वाला था, जिलेटिन की दो छड़ें मिली थीं, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंता पैदा हो गई थी।
मोदी कगलीपुरा के निकट कनकपुरा रोड पर स्थित ‘आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन’ केंद्र में आयोजित 45वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने के लिए बेंगलुरु में थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि एनआईए अधिकारियों की एक टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
जिलेटिन की छड़ें किसने रखी, इसकी पहचान करने और इसके मकसद का पता लगाने के लिए पुलिस रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
इस घटना की जांच के लिए चार निरीक्षकों समेत लगभग 50 कर्मियों वाली एक विशेष टीम का गठन किया गया है।
कगलीपुरा पुलिस थाने में विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसी बीच, भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री बी श्रीरामुलु ने प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान कथित तौर पर सुरक्षा संबंधी चूक की एनआईए से जांच की मांग की।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार पर प्रधानमंत्री के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जब भी दुनिया में कहीं यात्रा करते हैं, तो उन्हें उचित सुरक्षा प्रदान की जाती है। ऐसे में यह कैसे स्वीकार्य हो सकता है कि जब वह राज्य में आए तो सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं थी?’’
श्रीरामुलु ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले लगभग 100 निरीक्षकों का तबादला कर दिया गया था, और उन्होंने इस तरह की कार्रवाई की आवश्यकता पर सवाल उठाया।
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश

Facebook


