केपीएससी परीक्षा में अनियमितता के आरोपों की कर्नाटक सरकार जांच कराएगी: राज्य के गृह मंत्री
केपीएससी परीक्षा में अनियमितता के आरोपों की कर्नाटक सरकार जांच कराएगी: राज्य के गृह मंत्री
बेंगलुरु, चार मार्च (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने राज्य लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की मुख्य परीक्षा और चयन प्रक्रिया में अनियमितता के आरोपों के बीच, बुधवार को कहा कि सरकार मामले की जांच कराएगी और अभ्यर्थियों के लिए निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि कर्नाटक लोक सेवा आयोग में मुद्दों को जल्द से जल्द ठीक कर लिया जाए।
राजपत्रित प्रोबेशनर्स (ग्रुप ए और बी) के लिए 384 पदों के लिए आयोजित केपीएससी मुख्य परीक्षा के हालिया परिणामों को लेकर आरोप सामने आए हैं।
कुछ अभ्यर्थियों द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि एक ही परीक्षा केंद्र में एक ही कमरे में परीक्षा देने वाले लगातार क्रमांक संख्या वाले 10 से 15 से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। एक ही परिवार के कई अभ्यर्थियों के उत्तीर्ण होने के भी मामले सामने आये हैं।
राज्य के गृह मंत्री ने एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ‘केपीएससी और केईए (कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण) के खिलाफ शिकायतें मिली हैं। परीक्षा आयोजित करने वाली सभी एजेंसियों को किसी न किसी तरह से शिकायतों का सामना करना पड़ता है। इस बार, यदि शिकायतें गंभीर हैं, तो हम उनकी जांच करेंगे और उम्मीदवारों के लिए एक निष्पक्ष प्रणाली सुनिश्चित करेंगे।’
उन्होंने कहा, ‘कई कदम उठाए गए हैं। सरकार और मुख्यमंत्री ने प्रभारी अधिकारियों से बात की है तथा सचिवों और वहां की व्यवस्था को बदल दिया है।’
उन्होंने कहा, ‘इसके बावजूद, अगर ऐसी चीजें होती हैं, तो किसी सचिव या अध्यक्ष को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को उठाएगी। उन्होंने संवादाताओं से कहा, ‘‘विपक्ष के नेता और हमारे सभी नेताओं ने इस मुद्दे पर चर्चा की है। हम इससे अवगत हैं।’’
भाषा
हक
हक सुभाष
सुभाष

Facebook


