कर्नाटक: बीमा कंपनी का कर्मचारी बन 2.37 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक: बीमा कंपनी का कर्मचारी बन 2.37 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
मंगलुरु, 12 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के मंगलुरु में बीमा कंपनी का कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति से 2.37 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के 24 वर्षीय आरोपी युवक को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पुत्तुर निवासी शिकायतकर्ता को हाल ही में एक अज्ञात व्यक्ति ने एक बीमा कंपनी का कर्मचारी होने का दावा करते हुए बार-बार फोन किया और बीमा पॉलिसी से धन निकासी कराने की पेशकश की।
पुलिस के मुताबिक, जब शिकायतकर्ता ने पेशकश ठुकरा दी तो आरोपी व्यक्ति ने पॉलिसी रद्द करने की धमकी दी और क्रेडिट कार्ड नंबर एवं ओटीपी हासिल कर एक अन्य खाते में 2.37 लाख रुपये अपने खाते में अंतरित कर लिए।
पुलिस ने बताया कि इस शिकायत के आधार पर दक्षिण कन्नड़ जिले के साइबर अपराध थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी पहचान अविनाश रमेश गौडा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी है और वर्तमान में मांड्या जिले के कृष्णराजापेटे में रह रहा है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


