कर्नाटक : पूर्व प्रेमिका को कई बार चाकू मारने के बाद व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की, मामला दर्ज

कर्नाटक : पूर्व प्रेमिका को कई बार चाकू मारने के बाद व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की, मामला दर्ज

कर्नाटक : पूर्व प्रेमिका को कई बार चाकू मारने के बाद व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की, मामला दर्ज
Modified Date: July 10, 2026 / 11:47 am IST
Published Date: July 10, 2026 11:47 am IST

बेंगलुरु, 10 जुलाई (भाषा) बेंगलुरु में चालक के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ 18 वर्षीय युवती को उसके घर में घुसकर कई बार चाकू मारने और फिर आत्महत्या की कोशिश करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वरथुर के रामगोंडनहल्ली में हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बंदे नवाज कथित तौर पर अपनी पूर्व प्रेमिका के घर में घुसा और उसने चाकू से उसकी गर्दन, हाथ, हथेलियों, पसलियों एवं जांघों पर वार किए।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बाद में उसने आत्महत्या की कोशिश करते हुए अपनी गर्दन पर भी वार कर खुद को घायल कर लिया।

उन्होंने बताया कि घटना के समय युवती के माता-पिता घर पर नहीं थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने युवती के दो छोटे भाइयों को एक कमरे में कथित रूप से बंद कर दिया और फिर हॉल में पीड़िता पर चाकू से हमला किया।

उसने बताया कि घायल होने के बावजूद युवती घर से बाहर निकलने में कामयाब रही और मदद के लिए चिल्लाई।

इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवती एवं आरोपी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों ने एक निजी स्कूल में साथ पढ़ाई की थी और पिछले तीन वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे लेकिन युवती के माता-पिता ने उसका विवाह किसी अन्य व्यक्ति से तय कर दिया था जिसके बाद उसने नवाज के विवाह प्रस्ताव को कथित तौर पर ठुकरा दिया।

पुलिस ने बताया कि प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज आरोपी ने युवती पर कथित तौर पर हमला किया और फिर आत्महत्या की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, नवाज व्हाइटफील्ड के नेल्लुराहल्ली में चालक के रूप में काम करता है और वरथुर के तुबराहल्ली में रहता है।

पुलिस ने बताया कि घायल युवती का मणिपाल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है जबकि आरोपी वैदेही अस्पताल में उपचाराधीन है।

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में