कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने अस्पताल संबधी शिकायतें मिलने के बाद निदेशकों को चेतावनी जारी की
कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने अस्पताल संबधी शिकायतें मिलने के बाद निदेशकों को चेतावनी जारी की
बेंगलुरु, 17 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री शरण प्रकाश पाटिल ने शुक्रवार को राज्य के अस्पतालों के निदेशकों को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए सरकारी स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों में दवाओं की कमी, अपर्याप्त आईसीयू क्षमता और स्वच्छता की खराब स्थिति के बारे में लगातार मिल रहीं शिकायतों पर सख्त विभागीय कार्रवाई करने की धमकी दी है।
मंत्री के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि विकास सौध में विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए पाटिल ने लोकायुक्त की टिप्पणियों और चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन संचालित अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता को लेकर जन शिकायतों पर चर्चा की।
उन्होंने अस्पताल प्रमुखों को फटकार लगाते हुए कहा, “निविदाएं जारी करने से पहले दवाइयों के खत्म होने का इंतजार क्यों किया जाता है?”
मंत्री ने सभी सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रमुखों को निर्देश दिया कि दवाइयों की संभावित कमी होने से कम से कम तीन महीने पहले ही खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाए, ताकि मरीजों का इलाज प्रभावित न हो।
पाटिल ने गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में बिस्तरों की कमी संबंधी शिकायतों पर विक्टोरिया अस्पताल के ट्रॉमा एवं आपात देखभाल केंद्र के प्रमुख से सीधे जवाब तलब किया।
उन्होंने तत्काल समाधान के रूप में अतिरिक्त मुख्य सचिव मोहम्मद मोहसिन और चिकित्सा शिक्षा निदेशक बी एल सुजाता राठौड़ को विक्टोरिया अस्पताल की निर्माणाधीन 10 मंजिला इमारत का एक पूरी मंजिल विशेष रूप से अतिरिक्त आईसीयू बिस्तरों के लिए निर्धारित करने के निर्देश दिए।
मंत्री कार्यालय के अनुसार, इस नयी इमारत का उद्घाटन दो मई को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा किया जाएगा।
पाटिल ने अस्पतालों में स्वच्छता और लिफ्ट रखरखाव को लेकर भी नाराजगी जताते हुए शौचालयों को साफ रखने तथा ‘लिफ्ट’ को हर समय चालू रखने के निर्देश दिए।
भाषा
प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


