कर्नाटक : बेंगलुरु में रातभर हुई बारिश से सड़कें जलमग्न, सुबह यातायात प्रभावित

Ads

कर्नाटक : बेंगलुरु में रातभर हुई बारिश से सड़कें जलमग्न, सुबह यातायात प्रभावित

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 12:11 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 12:11 PM IST

बेंगलुरु, 29 सितंबर (भाषा) रातभर हुई बारिश के कारण मंगलवार को बेंगलुरु के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और सुबह व्यस्त समय में यातायात प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मंगलवार सुबह तक बारिश जारी रहने से छात्रों और कार्यालय जाने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के विभिन्न हिस्सों में कई पेड़ भी उखड़ गए।

मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे तक बेंगलुरु में 19.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसी अवधि में बेंगलुरु एचएएल हवाई अड्डे पर 72 मिमी और जीकेवीके बेंगलुरु में 46 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इस दौरान शहर और आसपास के कई अन्य इलाकों में भी बारिश हुई। बेंगलुरु के केआईएएल हवाई अड्डे पर 37.4 मिमी और चिक्कबल्लापुर में 9.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बेंगलुरु यातायात पुलिस ने भी कई इलाकों में जलभराव के कारण धीमी गति से चल रहे यातायात के बारे में यात्रियों को जानकारी दी। इनमें मगदी रोड, अयप्पा अंडरपास और कार्तिक नगर शामिल हैं।

यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हेन्नूर-बागलूर मुख्य मार्ग पर कोट्टारापाल्या से वड्डारापाल्या की ओर जलभराव के कारण यातायात धीमी गति से चल रहा है।’’

भाषा मनीषा वैभव

वैभव