कर्नाटक : अदालत के अंदर काला जादू करने के आरोप में महिला गिरफ्तार
कर्नाटक : अदालत के अंदर काला जादू करने के आरोप में महिला गिरफ्तार
चिक्कबल्लापुर, 14 जुलाई (भाषा) कर्नाटक में एक अदालत कक्ष के भीतर काला जादू करने के आरोप में 65 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना बृहस्पतिवार की है और इससे जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किया जा रहा है, जिसमें महिला कथित तौर पर काला जादू करती हुई दिखाई दे रही है।
पुलिस के अनुसार, मंजुला नामक महिला एक दीवानी विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के सिलसिले में अदालत पहुंची थी। उसने बताया कि सुनवाई शुरू होने से पहले महिला ने न्यायाधीश की कुर्सी पर कथित तौर पर सफेद सरसों के दाने छिड़के।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए कहा कि महिला ने संभवतः अपने पक्ष में फैसला आने की उम्मीद में ऐसा किया।
उसने बताया कि अदालत के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की शिकायत पर महिला के खिलाफ कर्नाटक अमानवीय कुप्रथा और काला जादू निवारण एवं उन्मूलन अधिनियम, 2017 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने कहा, ‘‘आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले की जांच जारी है।’’
भाषा
राखी पारुल
पारुल

Facebook


