कर्नाटक: युवती से ‘सामूहिक दुष्कर्म’ के बाद हत्या, चार आरोपी हिरासत में
कर्नाटक: युवती से 'सामूहिक दुष्कर्म' के बाद हत्या, चार आरोपी हिरासत में
रायचूर, 21 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के रायचूर जिले में 21 वर्षीय एक युवती का कथित तौर पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 19 अगस्त को सिरवार थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त की शाम करीब सात बजे पीड़िता जब अपने गांव में एक मंदिर की तरफ जा रही थी, तभी चारों आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया।
प्राथमिकी के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उन्हें डर था कि अगर युवती को छोड़ दिया गया तो वह घटना के बारे में अपने परिवार और गांव वालों को बता देगी। इस डर से उन्होंने हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने युवती की हत्या कर शव को एक कुएं में फेंक दिया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के साथ-साथ अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) संशोधन अधिनियम, 2015 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘प्राथमिकी में नामजद चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।’
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश

Facebook


