कश्मीर: मीरवाइज उमर फारूक ने रामबन निवासी पर हमला करने वाले ‘गोरक्षकों’ को कड़ी सजा देने की मांग की
कश्मीर: मीरवाइज उमर फारूक ने रामबन निवासी पर हमला करने वाले ‘गोरक्षकों’ को कड़ी सजा देने की मांग की
श्रीनगर, 15 अप्रैल (भाषा) कश्मीर के प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में मवेशियों को ले जा रहे एक व्यक्ति का कथित तौर पर पीछा करने और उस पर हमला करने वाले संदिग्ध गोरक्षकों के लिए कड़ी सजा की बुधवार को मांग की।
मीरवाइज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गोरक्षा के नाम पर हिंसा का जहर अब जम्मू कश्मीर में भी फैल रहा है। रामबन जिला निवासी तनवीर अहमद चोपान की एक दुधारू गाय और दो बछड़ों को ले जाते समय रविवार को पीछा करने तथा बेरहमी से मारपीट किए जाने के बाद मौत हो गई।’’
उन्होंने कहा कि चोपान की मौत ‘‘बहुत निंदनीय और अस्वीकार्य’’ है तथा उन्होंने मांग की है कि ‘‘इस घटना के अपराधियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि इस बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।’’
मीरवाइज फारूक ने चेतावनी दी कि अगर इस घटना का खुलासा नहीं हुआ तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। ‘‘इसके गंभीर परिणामों के लिए सत्ता में बैठे लोग जिम्मेदार होंगे।’’
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उखराल तहसील के मुंडखाल पोगल निवासी तनवीर अहमद चोपान (25) एक पिकअप ट्रक में एक दुधारू गाय और दो बछड़ों को लेकर 12 अप्रैल को जम्मू से अपने गांव जा रहा था। स्थानीय लोगों का दावा है कि रास्ते में अज्ञात गोरक्षकों ने तनवीर का कथित तौर पर पीछा किया और हमला किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुद की जान बचाने की कोशिश करते हुए चोपान ने पास के बिश्लारी नाले में छलांग लगा दी।
प्राधिकारियों ने लापता व्यक्ति का पता लगाने के लिए कई एजेंसियों के साथ मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है और यह अभियान चौथे दिन भी जारी रहा।
इस मामले में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भाषा यासिर रंजन
रंजन

Facebook


