केरल विधानसभा चुनाव: अपराह्न तीन बजे तक लगभग 62 प्रतिशत मतदान

Ads

केरल विधानसभा चुनाव: अपराह्न तीन बजे तक लगभग 62 प्रतिशत मतदान

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 05:20 PM IST

तिरुवनंतपुरम, नौ अप्रैल (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान शुरू होने के बाद अपराह्न तीन बजे तक लगभग 62 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।

निर्वाचन आयोग (ईसी) के आंकड़ों के अनुसार, अपराह्न तीन बजे तक 2.71 करोड़ मतदाताओं में से 62.71 प्रतिशत ने अपना वोट डाल दिया था।

सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ), मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के शासन और कल्याणकारी मॉडल के दम पर लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने के प्रयास में है। वहीं, कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य में एक दशक से जारी वाम शासन को बेदखल कर सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटा है।

भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) एलडीएफ और यूडीएफ के वर्चस्व को चुनौती देने और अपने बढ़ते मत प्रतिशत को विधानसभा में निर्णायक उपस्थिति में बदलने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में है।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे मतदान प्रतिशत 16.23 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पूर्वाह्न 11 बजे बढ़कर 33.28 प्रतिशत और दोपहर एक बजे 49.70 प्रतिशत हो गया।

हालांकि, दोपहर तीन बजे तक 62.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो लगभग 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

राज्य की सभी 140 विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। दिन चढ़ने के साथ लोग राज्य के 30,495 मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे।

मतदान कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच जारी है। इसके तहत 76,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई और वेबकास्टिंग प्रणाली का व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल करते हुए चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।

राज्य की 140 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रहे 883 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करीब 2.71 करोड़ मतदाता करेंगे।

निर्वाचन आयोग (ईसी) के आंकड़ों के अनुसार, मतदाताओं में 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 ‘उभयलिंगी’ शामिल हैं। इसके अलावा 2.42 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता भी हैं।

इस चुनावी प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग (ईसी) ने 1.42 लाख प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की है।

भाषा

शुभम माधव

माधव