केरलम : जब्त प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद थाने से चोरी, पुलिस अधिकारी जांच के घेरे में
केरलम : जब्त प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद थाने से चोरी, पुलिस अधिकारी जांच के घेरे में
वायनाड (केरलम), 14 सितंबर (भाषा) केरलम के सुल्तान बथेरी पुलिस थाने से एक मामले में जब्त प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के सात बोरे चोरी होने के बाद एक पुलिस अधिकारी जांच के घेरे में है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ सिविल पुलिस अधिकारी सबिथ के खिलाफ जांच की जा रही है। उन पर थाने से जब्त उत्पाद चोरी करने का संदेह है और घटना की जानकारी मिलने के बाद से उनका पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार, सात जून को सुल्तान बथेरी के निकट धोट्टाप्पनकुलम में एक व्यक्ति के पास से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के सात बोरे जब्त किए गए थे।
जब्त सामान को मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष पेश किया गया था, जिसने इसे पुलिस थाने में रखने का निर्देश दिया था। इसके बाद इस सामान को थाने के उस कमरे में रखा गया था, जहां मामलों से जुड़े साक्ष्य रखे जाते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि 10 सितंबर को कमरे का निरीक्षण किए जाने पर पता चला कि जब्त तंबाकू उत्पाद गायब हैं।
पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर इसकी जांच की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के अधिकारी को सौंपी।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि साक्ष्य कक्ष के ताले से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई थी। इससे संकेत मिला कि कमरे में चाबी के जरिये प्रवेश किया गया था।
पुलिस ने बाद में थाने के सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच की। अधिकारियों के अनुसार, फुटेज में कथित तौर पर सबिथ कमरे में प्रवेश कर जब्त सामान बाहर निकालते दिखाई दिए।
पुलिस की एक टीम रविवार को सबिथ के घर पहुंची, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं थे। पुलिस ने बताया कि उनसे संपर्क करने की कोशिशें भी नाकाम रहीं, जिससे उनके फरार होने की आशंका है।
अधिकारियों ने कहा कि सबिथ का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि सबिथ से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सामान मूल मामले के आरोपी की मदद करने के लिए चोरी किया गया था या उसे काला बाजार में बेचने के लिए चुराया गया था।
भाषा मनीषा सिम्मी
सिम्मी

Facebook


