केरल : स्कूल कार्यक्रम में मिठाई वितरण को लेकर भाजपा विधायक, माकपा नेता में जुबानी जंग

Ads

केरल : स्कूल कार्यक्रम में मिठाई वितरण को लेकर भाजपा विधायक, माकपा नेता में जुबानी जंग

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 10:38 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 10:38 PM IST

तिरुवनंतपुरम, दो जून (भाषा) केरल में भाजपा विधायक वी मुरलीधरन के वंचित वर्ग के बच्चों के एक स्कूल में छात्रों को मिठाइयां बांटने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। माकपा नेता वी शिवनकुट्टी ने वितरण तरीके की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘‘भेदभावपूर्ण’’ और ‘‘शर्मनाक’’ करार दिया।

पूर्व मंत्री के आरोपों पर पलटवार करते हुए कझाकूट्टम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक मुरलीधरन ने कहा कि वह इतने बदकिस्मत नहीं हैं कि उन्हें ‘‘दादाजी शिवनकुट्टी’’ से शिष्टाचार सीखना पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवनकुट्टी ने एक दशक से अधिक पहले विधायक रहते हुए सदन में प्रदर्शन के दौरान विधानसभा की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था।

एक वीडियो के सामने आने के बाद यह जुबानी जंग शुरू हुई। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मुरलीधरन छात्रों को मिठाई हाथ में देने के बजाय पैकेट से झटककर उनकी मेज पर रख रहे थे।

यह घटना सोमवार को यहां एक स्कूल में हुई, जहां भाजपा विधायक नए शैक्षणिक सत्र के लिए विद्यालय खुलने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

पूर्व सामान्य शिक्षा मंत्री शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा इस तरह से छात्रों का ‘‘अपमान’’ करना निंदनीय है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘बच्चों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाले और उनके मन पर गहरा आघात पहुंचाने वाले ऐसे कृत्य सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं।’’

अपने बचाव में मुरलीधरन ने कहा कि उन पर ‘‘अस्पृश्यता’’ का गलत आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने इसे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मुखपत्र द्वारा फैलाया जा रहा दुष्प्रचार करार दिया।

मुरलीधरन ने दावा किया कि जब वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, तो मंत्री और अन्य अधिकारी कार्यक्रम का उद्घाटन करने के लिए प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में देरी न हो, इसलिए उन्होंने पैकेट से थोड़ी-थोड़ी मिठाई निकालकर प्रत्येक मेज पर रख दी, ताकि वितरण का कार्य जल्दी पूरा हो सके।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश