केरल : महिला के पेट में कैंची मिलने के बाद सेवानिवृत्त चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज

केरल : महिला के पेट में कैंची मिलने के बाद सेवानिवृत्त चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज

केरल : महिला के पेट में कैंची मिलने के बाद सेवानिवृत्त चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: February 21, 2026 / 01:24 pm IST
Published Date: February 21, 2026 1:24 pm IST

अलाप्पुझा (केरल), 21 फरवरी (भाषा) केरल के अलाप्पुझा मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2021 में ऑपरेशन कराने वाली एक महिला के पेट में सर्जरी में इस्तेमाल होने वाली कैंची मिलने के बाद एक सेवानिवृत्त चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पुन्नाप्रा निवासी उषा जोसेफ (51) की बच्चेदानी में गांठ थी। जोसेफ ने मई 2021 में जब इसका इलाज कराया उस वक्त डॉ. ललिताम्बिका मेडिकल कॉलेज में स्त्री रोग विभाग की तत्कालीन विभागाध्यक्ष थीं।

इस संबंध में जोसेफ के एक रिश्तेदार ने शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद अम्बलप्पुझा पुलिस ने शुक्रवार रात सेवानिवृत्त चिकित्सक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने कहा कि स्वास्थ्य शिक्षा विभाग ने पहले ही जोसेफ का ऑपरेशन करने वाली डॉ. शाहिदा को निलंबित कर दिया था लेकिन प्राप्त शिकायत के आधार पर डॉ. ललिताम्बिका के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है तथा जांच के बाद इसमें और भी आरोपियों के नाम शामिल किए जा सकते हैं।

जोसेफ वर्तमान में कोच्चि के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनके पेट से कैंची निकालने के लिए ऑपरेशन किया गया।

इस बीच, घटना को लेकर पूरे राज्य में व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। तिरुवनंतपुरम में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सुबह स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज के आधिकारिक आवास पर पहुंचे। हालांकि, उस वक्त मंत्री वहां मौजूद नहीं थीं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब प्रदर्शनकारी मंत्री के आवास पर पहुंचे तो वहां सुरक्षा में केवल तीन पुलिसकर्मी मौजूद थे जो उन्हें रोकने में असमर्थ रहे।

बाद में, प्रदर्शनकारियों ने आवास के सामने धरना दिया। उन्होंने हाथों में काला झंडा लेकर जॉर्ज के खिलाफ नारेबाजी की तथा उनके इस्तीफे की मांग की।

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में